Friday, 18 May 2018

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF)

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और अंतर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक (IBRD) की स्थापना जुलाई 1944 में ब्रेटन वुड्स, न्यू हैम्पशायर, यूएसए में आयोजित 44 देशों के सम्मेलन में की गयी थी। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और आईबीआरडी की स्थापना एक ही समय और जगह पर हुई थी, इस कारण इन दोनों को ब्रेटन वुड्स ट्विन्स के रूप में जाना जाता है ।
इस लेख में हमने IMF के बारे में महत्वपूर्ण तथ्यों को संकलित किया है जो कि भारत में आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं।
1. संस्थापक सदस्य: 44 देश, भारत IMF का संस्थापक सदस्य देश है।
2. कुल सदस्य: 189 देश, आम तौर पर IMF का हर सदस्य देश विश्व बैंक का सदस्य बन जाता है। इसी तरह IMF छोड़ने वाला देश स्वचालित रूप से(automatically) विश्व बैंक से निकाल दिया जाता है।
3. मुख्यालय: वाशिंगटन, डी.सी. 
4. प्राथमिक उद्देश्य: 
(a). दुनिया में विनिमय स्थिरता को बढ़ावा देना ।
(b). अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक सहयोग को बढ़ावा देना ।
(c). अंतरराष्ट्रीय व्यापार का विस्तार और संतुलित विकास
को सुविधाजनक बनाना ।
(d). भुगतान की बहुपक्षीय प्रणाली की स्थापना में सहायता करना ।
(e). भुगतान संतुलन की कठिनाइयों का सामना करने वाले सदस्य देशों को भुगतान असंतुलन 
को ठीक करने के लिए संसाधन उपलब्ध कराना। 
5. प्रकाशन: वर्ल्ड इकनोमिक आउटलुक, वैश्विक वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (Global Financial
Stability Report), वित्तीय निगरानी (Fiscal Monitor), क्षेत्रीय आर्थिक रिपोर्ट (Regional Economic Reports)।
6. कार्यकारी बोर्ड: IMF के कार्यकारी बोर्ड में 24 कार्यकारी निदेशक (Executive Directors) होते हैं। कार्यकारी निदेशक भौगोलिक दृष्टि से आधारित रोस्टर प्लान के तहत सभी 189 देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रत्येक सदस्य देश, गवर्नर बोर्ड की बैठकों में भाग लेने के लिए 2 गवर्नर नामित करता है. आम तौर पर सदस्य देश के वित्तमंत्री IMF बैठकों में गवर्नर के पद का प्रतिनिधित्व करता है लेकिन यदि वित्तमंत्री अनुपस्थित है तो RBI का गवर्नर उसकी जगह लेता है। 
7. कर्मचारी: 150 देशों से लगभग 2,700 कर्मचारी ।
8. कुल कोटा: SDR- 477 बिलियन (US$-692 बिलियन) 
9. विशेष आहरण अधिकार आवंटन: SDR का कुल वैश्विक आवंटन 204 अरब SDR या (US$-296 बिलियन) 
10. SDR बास्केट: SDR का मूल्य 5 मुद्राओं की टोकरी द्वारा निर्धारित किया जाता है। इसमें शामिल मुद्राएँ हैं; यूरो, यूएस डॉलर, जापानी येन, चीनी युआन और पाउंड स्टर्लिंग । चीनी युआन को अक्टूबर 2016 में SDR टोकरी में 5वीं मुद्रा के रूप में शामिल किया गया था।
11. मुद्रा भार : SDR का मूल्य निर्धारित करने में सबसे अधिक भार अमेरिकी डॉलर (41.73%) का है, इसके बाद यूरो (30.93%) का नम्बर आता है।
12. SDR कोटा: वर्तमान में IMF में भारतीय कोटा 2.76%(SDR कोटा) है। संयुक्त राज्य अमेरिका का कोटा सबसे अधिक 17.46% का सबसे बड़ा कोटा है जिसके बाद जापान (6.48%) और चीन (6.41%) का नंबर आता है।
13. उधार क्षमता: IMF अपने सदस्य देशों को लगभग $ 1 ट्रिलियन डॉलर उधार देने में सक्षम है। 
14. सबसे बड़े उधारकर्ता: ग्रीस, यूक्रेन, पाकिस्तान और मिस्र।
IMF की स्थापना, अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए एक ढांचा बनाने के लिए की गई थी। यह संगठन अपने कुछ उद्येश्यों को प्राप्त करने में कुछ सफल जरूर रहा है लेकिन इस संस्था पर अमीर देशों का कब्ज़ा ज्यादा है क्योंकि इसके कोटे में इन अमीर देशों की भागीदारी ज्यादा है। शायद यही कारण है कि IMF के प्रबंध निदेशक के पद पर अब तक केवल यूरोपीय लोगों की नियुक्ति की गयी है।
....................................उत्तम शर्मा

Wednesday, 16 May 2018

कश्मीर विवाद

कश्मीर विवाद की ऐतिहासिक प्रष्ठभूमि:-
 भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर का मुद्दा भारत की आजादी के समय से ही चर्चा में रहा है। ब्रिटिश शासन की समाप्ति के साथ ही जम्मू एवं कश्मीर राज्य भी 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र हुआ था। यहाँ के राजा हरि सिंह ने फैसला किया कि वे भारत या पाकिस्तान किसी भी देश में शामिल नही होंगे और एक स्वतंत्र राष्ट्र की तरह रहेंगे। महाराजा का यह फैसला उस समय गलत सिद्ध हो गया जब 20 अक्टूबर, 1947 को पाकिस्तान समर्थित ‘आजाद कश्मीर सेना’ ने राज्य के पश्चिमी भाग पर आक्रमण कर दिया उन्होंने दुकानों के लूटपाट शुरू कर दी घरों में चोरी और आगजनी करने के साथ ही महिलाओं को भी अगवा कर लिया और इसी तरह की तबाही मचाते हुए पूर्वी कश्मीर की तरफ बढ़ रहे थे तो महाराजा हरीसिंह ने जवाहरलाल नेहरु से सैन्य मदद मांगी और फिर 26 अक्टूबर,1947 को दोनों देशों के बीच विलय का समझौता हुआ। इस समझौते के तहत 3 विषयों; रक्षा, विदेशी मामले और संचार को भारत के हवाले कर दिया गया था।और इस समझौते के बाद भारत के संविधान में अनुच्छेद 370 को जोड़ा गया था, जिसमे स्पष्ट रूप से यह कहा गया है कि जम्मू कश्मीर से सम्बंधित राज्य उपबंध केवल अस्थायी है स्थायी नही। विवाद की मूल जड़ यह है कि जम्मू & कश्मीर के शासक अनुच्छेद 370 को स्थायी रूप देना चाहते हैं ताकि उन्हें मिला विशेष राज्य का दर्जा बरक़रार रहे; इसलिए 26 जून 2000 को एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में जम्मू & कश्मीर विधान सभा ने ’राज्य स्वायतता समिति’ की सिफारिसों को स्वीकार कर लिया था। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट में जम्मू & कश्मीर राज्य को और स्वायतता देने की बात कही थी।  सभी कश्मीरी इस समिति की रिपोर्ट को लागू करने के लिए बहुत लम्बे समय से आन्दोलन कर रहे हैं। आइये जानते हैं कि इस समिति की मुख्य मांगे क्या थी?
1. संविधान के अनुच्छेद 370 में उल्लिखित शब्द “अस्थायी” की जगह “स्थायी” लिखा जाये ताकि जम्मू & कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा हमेशा के लिए पक्का हो जाये।
2. अनुच्छेद 356 (राष्ट्रपति शासन) को जम्मू & कश्मीर राज्य पर लागू नही किया जाये।
3. राज्य पर बाह्य आक्रमण या आंतरिक आपातकाल की दशा में जम्मू & कश्मीर राज्य विधानसभा का निर्णय ही अंतिम निर्णय हो।
4. भारत के निर्वाचन आयोग की जम्मू & कश्मीर राज्य में कोई भूमिका न हो।
5. जम्मू & कश्मीर राज्य में अखिल भारतीय सेवाओं जैसे IAS, IPS और IFS का कोई स्थान न हो।
6. भारतीय संविधान में जम्मू & कश्मीर के लिए मूल अधिकारों का एक अलग अध्याय हो।
7. राज्य के राज्यपाल को सदर-ए–रियासत और मुख्यमंत्री को वजीर–ए-आजम बुलाया जाये।
8. जम्मू & कश्मीर पर संसद और राष्ट्रपति की भूमिका को नाममात्र का कर दिया जाये।
9. राज्य में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए कोई विशेष प्रावधान न हो। यहाँ पर यह बताना जरूरी है कि जम्मू & कश्मीर के मुसलमानों को अल्पसंख्यक माना जाता है जिसके तहत उन्हें बहुत सी सुविधाएँ भारत सरकार द्वारा दी जातीं हैं।
10. भारत के उच्चतम न्यायालय में जम्मू & कश्मीर राज्य से सम्बंधित कोई विशेष सुनवाई न हो।
11. राज्य उच्च न्यायालय के दीवानी एवं फौजदारी मुकदमों के निर्णय के विरुद्ध सुनवाई करने का अधिकार उच्चतम न्यायालय को न हो।
12. भारतीय संसद को जम्मू & कश्मीर राज्य के संविधान और प्रक्रिया में संशोधन का अधिकार न हो।
 13. अंतरराज्जीय नदियों एवं नदी घाटियों के सम्बन्ध में केंद्र के निर्णय जम्मू & कश्मीर पर लागू न हो।
जब इन सभी सिफारिशों के भारत सरकार के मंत्रिमंडल के पास 14 जुलाई,2000 को अनुमोदन के लिए भेजा गया तो केंद्र सरकार ने समिति की सिफारिसों को यह कहकर मानने से इंकार कर दिया कि ये सिफरिसें लोगों की सहिष्णुता और देश की एकता एवं अखंडता के सिद्धांत के बिलकुल विपरीत हैं। केंद्र द्वारा इन सिफारिसों को मानने से मना कर देने के कारण इस प्रदेश में अलगाववादी नेताओं द्वारा युवाओं को दिशा भ्रमित कर भारत विरोधी गतिविधियों, आतंकबाद और पत्थरबाजी जैसी गतिविधियों में पैसों का लालच देकर उकसाया जा रहा है।
            ................................................ उत्तम शर्मा

Thursday, 3 May 2018

सुंदरता

पतला होना ही स्वास्थ्य की निशानी नही है क्योंकि बहुत से मोटे लोग उम्र पूरी करके जाते हैं और पतले लोग समय से पहले ! अपने को बढ़ती उम्र के साथ स्वीकारना एक तनावमुक्त जीवन देता है। हर उम्र एक अलग तरह की खूबसूरती लेकर आती है उसका आनंद लीजिये।
बाल रंगने है तो रंगिये, वज़न कम रखना है तो रखिये, मनचाहे कपड़े पहनने है तो पहनिए, बच्चों की तरह खिलखिलाइये, अच्छा सोचिये, अच्छा माहौल रखिये, शीशे में दिखते हुए अपने अस्तित्व को स्वीकारिये। 
कोई भी क्रीम आपको गोरा नही बनाती, कोई शैम्पू बाल झड़ने नही रोकता,
कोई तेल बाल नही उगाता, कोई साबुन आपको बच्चों जैसी स्किन नही देता। 
चाहे वो प्रॉक्टर गैम्बल हो या पतंजलि, सब सामान बेचने के लिए झूठ बोलते हैं। 
ये सब कुदरती होता है।  उम्र बढ़ने पर त्वचा से लेकर बॉलों तक मे बदलाव आता है। 
पुरानी मशीन को maintain करके बढ़िया चला तो सकते हैं, पर उसे नई नही कर सकते।
ना किसी टूथपेस्ट में नमक होता है ना किसी मे नीम।  किसी क्रीम में केसर नही होती, क्योंकि 2 ग्राम केसर भी 500 रुपए से कम की नही होती ! जो आपकी पॉकेट allow करती है वो प्रसाधन खरीदिये, क्योंकि केमिकल्स सब में हैं। lux की बनियान साधारण बनियान से इसलिये महंगी है क्योंकी उसमे विज्ञापन के लिए सनी देओल और अक्षय कुमार होते हैं और वो लक्स नही, calvin cline या पियरे कार्डिन पहनते हैं। करीना कपूर कभी लक्स साबुन से नही नहाती  और अमिताभ बच्चन लाल तेल नही लगाता !
कोई बात नही अगर आपकी नाक मोटी है तो, कोई बात नही आपकी आंखें छोटी हैं तो, कोई बात नही अगर आप गोरे नही हैं या आपके होंठों की shape perfect नही हैं
फिर भी हम सुंदर हैं, अपनी सुंदरता को पहचानिए। दूसरों से कमेंट या वाह वाही लूटने के लिए सुंदर दिखने से ज्यादा ज़रूरी है, अपनी सुंदरता को महसूस करना। हर बच्चा सुंदर इसलिये दिखता है कि वो छल कपट से परे मासूम होता है और बडे होने पर जब हम छल व कपट से जीवन जीने लगते है तो वो मासूमियत खो देते हैं और उस सुंदरता को पैसे खर्च करके खरीदने का प्रयास करते हैं। मन की खूबसूरती पर ध्यान दो।
यह कर्तव्य हो कि अपने परिवार में अपनी पत्नी, बेटी, बहन को ये अहसास दिलायें कि वो प्राकृतिक रूप से सुंदर हैं, वरना वो केमिकल्स का सहारा लेकर अपना स्वास्थ्य खराब कर लेंगी।
आजकल युवा लड़के बॉडी बनाने की धुन में पागल रहते हैं 
ये असर है उन फ़िल्म स्टारों और मॉडल्स का जिससे ये युवा सोचते हैं कि वो अपने चहेते हीरो जैसी बॉडी बना कर हीरो जैसे दिखेंगे। आपको शायद पता नही कि एक भी हीरो naturally बॉडी नही बनाता। इनके पीछे बहुत सी प्लास्टिक सर्जरी,  steroids implants, lyposuctions, body contouring  का हाथ होता है। 
आपरेशन से 6 pack बनवाते हैँ, चेहरे पर सर्जरी करवाते हैं, बाल उगवाते हैं, मांसपेशियों में सिलिकॉन भरवाते हैं और ये सब वो इसलिते करते हैं, क्योंकि उन्हें इन सबका पैसा मिलता है। स्क्रीन पर सुंदर दिखना उनके धंधे की मजबूरी है उसके लिये वो शरीर से भी खेलते हैं वरना उन्हें कोई काम नही देगा।
लेकिन आम जीवन मे हमे बॉडी दिखाने के पैसे नही मिलते, काम करने के पैसे मिलते हैं तो हम हीरो जैसे दिखने से अच्छा है अपने काम मे हुनर दिखायें ।हमारी तरक्की तो उसी से होगी।
पेट निकल गया तो कोई बात नही उसके लिए शर्माना ज़रूरी नही । आपका शरीर आपकी उम्र के साथ बदलता है तो वज़न भी उसी हिसाब से घटता बढ़ता है उसे समझिये। सारा इंटरनेट और सोशल मीडिया तरह तरह के उपदेशों से भरा रहता है,यह खाओ,वो मत खाओ ठंडा खाओ , गर्म पीओ, कपाल भाती करो,  सवेरे नीम्बू पीओ ,रात को दूध पीओ ज़ोर से सांस लो, लंबी सांस लो दाहिने से सोइये , बाहिने से उठिए,हरी सब्जी खाओ,  दाल में प्रोटीन है, दाल से क्रिएटिनिन बढ़ जायेगा। अगर पूरे एक दिन सारे उपदेशों को पढ़ने लगें तो पता चलेगा 
ये ज़िन्दगी बेकार है ना कुछ खाने को बचेगा ना कुछ जीने को !! आप डिप्रेस्ड हो जायेंगे।
ये सारा ऑर्गेनिक ,एलोवेरा, करेला, मेथी ,पतंजलि में फंसकर दिमाग का दही हो जाता है स्वस्थ होना तो दूर स्ट्रेस हो जाता है। अरे! अपन मरने के लिये जन्म लेते हैं, कभी ना कभी तो मरना है अभी तक बाज़ार में अमृत बिकना शुरू नही हुआ। हर चीज़ सही मात्रा में खाइये,  हर वो चीज़ थोड़ी थोड़ी जो आपको अच्छी लगती है। 
भोजन का संबंध मन से होता है और मन अच्छे भोजन से ही खुश रहता है। मन को मारकर खुश नही रहा जा सकता। थोड़ा बहुत शारीरिक कार्य करते रहिए, टहलने जाइये,  लाइट कसरत करिये  व्यस्त रहिये,  
खुश रहिये , शरीर से ज्यादा मन को सुंदर रखिये।
अगर पैसे से सुंदरता व जीवन खरीद लिया जाता तो कोई बड़ा आदमी इस दुनिया से ना जाता और हर अमीर आदमी सुंदर होता।
Live life Naturally!!  
Your body is a gift of God, 
Just love your body, but don't be obsessed with it.
..............................Uttam Sharma

Translate